Media Coverage

SSR

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय को मिला नया कुलपति, प्रो. राणा प्रताप सिंह संभालेंगे कमान

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, गौतमबुद्धनगर को नया कुलपति मिल गया है। प्रतिष्ठित कैंसर वैज्ञानिक प्रो. राणा प्रताप सिंह को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। वे आगामी तीन वर्षों तक इस पद पर कार्य करेंगे। वैज्ञानिक से प्रशासक तक का सफर प्रो. राणा प्रताप सिंह वर्तमान में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), नई दिल्ली में स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। वे शिक्षा और अनुसंधान प्रशासन में एक अनुभवी हस्ती हैं और उन्होंने भारत में कई नए विभागों, स्कूलों और शोध केंद्रों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कैंसर रिसर्च में बड़ा नाम उनका शोध स्टेम सेल, ऑर्गेनोइड्स, डीएनए रिपेयर मैकेनिज्म और माइक्रोग्रैविटी के रेडियोबायोलॉजी पर प्रभाव जैसे विषयों पर केंद्रित है। कैंसर की प्रगति और उपचार पर उनके व्यापक अनुसंधान के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उनके 100 से अधिक शोधपत्र Nature, Oxford Academic, Harvard Catalyst और American Association for Cancer Research Journal जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। शैक्षणिक यात्रा और अनुभव प्रो. सिंह ने जेएनयू से कैंसर बायोलॉजी में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इविंग क्रिश्चियन कॉलेज से बी.एससी. और जेएनयू से एम.एससी. किया। वे कोलोराडो विश्वविद्यालय में शोधकर्ता और सहायक प्रोफेसर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। नई उम्मीदें, नए आयाम गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में उनके नेतृत्व से शैक्षणिक और शोध क्षेत्र में नए आयाम जुड़ने की उम्मीद की जा रही है। उनकी नियुक्ति को विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।